दिनकर पुण्यतिथि पर बेगूसराय में कार्यक्रम, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दी श्रद्धांजलि

0

बेगूसराय जिला में आज राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जी की पुण्यतिथि के अवसर पर पूरे जिले में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह  ने जीरोमाइल स्थित दिनकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रकवि दिनकर जी हिन्दी साहित्य के महान स्तंभ माने जाते हैं। उनकी ओजपूर्ण और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविताएं आज भी जनमानस को प्रेरित करती हैं। उनकी प्रमुख कृतियाँ रश्मिरथी, उर्वशी और परशुराम की प्रतीक्षा युवाओं में ऊर्जा और देशभक्ति का संचार करती हैं। उनकी रचनाओं में वीर रस, सामाजिक चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की स्पष्ट झलक देखने को मिलती है।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में काव्य पाठ, संगोष्ठी और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने दिनकर जी के साहित्यिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह  ने कहा कि दिनकर जी की रचनाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं। उल्लेखनीय है कि दिनकर जी को साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प ले रहा है।

इस अवसर पर बीहट नगर मंडल के मंडल अध्यक्ष यशस्वी आनंद, जिला उपाध्यक्ष सुमित सन्नी, जिला महामंत्री कुंदन भारती, हम के जिलाध्यक्ष पियुष कुमार, माधव कुमार, शुभम कुमार, ललन कुमार, बीहट नगर मंडल महामंत्री विवेक कुमार, मंडल उपाध्यक्ष कंचन कुमार, मंडल मंत्री रविंद्र कुमार, शालीग्राम कुमार, चंदन कुमार एवं सुरेंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *