गरीब किसान के बेटे नुनुबाबू कुमार का ट्यूटोरियल आर्मी में चयन, बेगूसराय का बढ़ाया मान
बेगूसराय जिले के मंझौल पंचायत-3 वार्ड संख्या-6 निवासी गरीब किसान परिवार के बेटे नुनुबाबू कुमार ने ट्यूटोरियल आर्मी में चयनित होकर पूरे गांव, समाज और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
नुनुबाबू कुमार के पिता योगेंद्र यादव एक साधारण किसान हैं, जबकि माता रामदुलारी देवी गृहिणी हैं। तीन भाइयों में सबसे छोटे नुनुबाबू की एक बहन भी है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की है।
नुनुबाबू कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में पूरी करने के बाद जय मंगल हाई स्कूल से मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने एस कॉलेज से इंटरमीडिएट (12वीं) की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सेना में जाने का सपना देखा और लगातार मेहनत करते रहे।
ट्यूटोरियल आर्मी में चयन होने के बाद गांव के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नुनुबाबू आज गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी अगर मेहनत और हौसला मजबूत हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
परिवार और ग्रामीणों ने नुनुबाबू कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे चलकर भारतीय सेना में देश सेवा कर गांव और जिले का नाम और ऊंचा करेंगे।