राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए मंझौल में बैठक, ADJ ने दिए अहम निर्देश
मंझौल, बेगूसराय | आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने को लेकर मंगलवार को मंझौल स्थित एडीजे चेंबर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीजे संजय कुमार सिंह ने की, जिसमें न्यायिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीजे संजय कुमार सिंह ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में पुलिस, अधिवक्ता और पक्षकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक सुलहनीय वादों का आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन कर न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करना है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से समय पर नोटिस भेजने और पक्षकारों को सुलह के लिए सकारात्मक माहौल बनाने का निर्देश दिया। वहीं अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपने मुवक्किलों को लोक अदालत के फायदे समझाकर अधिक से अधिक मामलों को सुलह के लिए प्रेरित करें।
एडीजे ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बिना किसी खर्च के मामलों का निपटारा किया जाता है और इसमें दिए गए फैसलों के खिलाफ कहीं अपील भी नहीं होती। उन्होंने मीडिया की भूमिका को भी अहम बताते हुए कहा कि लोक अदालत के महत्व और फायदे को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है।
बैठक में न्यायिक अधिकारियों ने पुलिस को सुझाव दिया कि गंभीर मामलों में ही आईपीसी की धारा 307 लगाई जाए। साथ ही सभी उपस्थित लोगों ने अपने-अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर एसीजेएम अवनींद्र प्रकाश, एसडीजेएम मुकेश कुमार, एसडीपीओ मंझौल नवीन कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार, थानाध्यक्ष फैसल अहमद अंसारी सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय किशोर झा, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह समेत कई अधिवक्ता भी उपस्थित थे।